बुलंदशहर। जिले के अरनिया थाना क्षेत्र के गांव रनियावली में शुक्रवार सुबह एक मजदूर का खून से लथपथ शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी 40 वर्षीय ध्यानपाल उर्फ गुड्डू पुत्र गजराज के रूप में हुई है। उसकी हत्या गर्दन और सीने पर भारी वस्तु से प्रहार कर की गई। शव गांव के ही राजकुमार के बाजरे के खेत में पड़ा मिला।

गुरुवार की रात से ही घर नहीं लौटा था गुड्डू
परिजनों के मुताबिक, ध्यानपाल गुरुवार की रात को घर नहीं लौटा था। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में उसका शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

हत्या में पटिया से पीटने की आशंका
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के सीने पर पटिया रखी हुई थी, जिस पर खून के निशान भी पाए गए। आशंका जताई जा रही है कि उसी पटिया से पीट-पीटकर ध्यानपाल की हत्या की गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना पर सीओ पूर्णिमा सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सीओ ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
गांव में इस घटना से दहशत का माहौल है। पुलिस हत्याकांड की वजह और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।










