शुक्रवार को स्याना नगर के मोहल्ला कैतवाला में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 32 वर्षीय मोहसिन निवासी मोहल्ला कैतवाला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह लंबे समय से नशे का आदी था। परिजनों ने उसका इलाज कराने के लिए उसे नशा मुक्ति केंद्र में भी भर्ती कराया था। सीओ प्रखर पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को मोहसिन नशा मुक्ति केंद्र से भागकर घर पहुंचा, जहां संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।










