जिलाधिकारी के निर्देश हवा में, स्वास्थ्य विभाग में मनमाने से हड़कंप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बुलंदशहर। स्वास्थ्य विभाग में मनमानी का मामला सामने आया है। विभागीय नियमों को दरकिनार कर एक फार्मासिस्ट को जिले के तीन-तीन स्टोर का चार्ज दे दिया गया है। जबकि नियम स्पष्ट रूप से कहते हैं कि स्टोर का कार्यभार चीफ फार्मासिस्ट के पास होना चाहिए और वह भी केवल एक स्टोर का।

31 अक्टूबर 2024 को सीएमएसडी (सेंट्रल मेडिकल सप्लाई डिपो) स्टोर का कार्यभार संभालने वाले चीफ फार्मासिस्ट जगदीश तेवतिया सेवानिवृत्त हो गए। इसके बाद तत्कालीन सीएमओ डॉ. वीके सिंह ने जटिया हास्पिटल खुर्जा में तैनात फार्मासिस्ट संदीप चौधरी का संबद्धीकरण सीएमएसडी स्टोर बुलंदशहर पर कर दिया।

शिकायत के बाद अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, मेरठ मंडल ने 13 फरवरी 2025 को संबद्धीकरण निरस्त कर संदीप चौधरी को मूल तैनाती स्थल पर भेजने के निर्देश दिए। बावजूद इसके, चौधरी के पास न सिर्फ बुलंदशहर बल्कि खुर्जा और 100 बेड डिबाई अस्पताल के स्टोर का चार्ज भी बना हुआ है।

इस अनियमितता की शिकायत अधिवक्ता विनय सिंह ने मंडलायुक्त मेरठ से की, जिस पर कमिश्नर ने जिलाधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी श्रुति ने सीएमओ को पत्र भी भेजा था, लेकिन वह पत्र बीच में ही “गायब” हो गया।

शिकायतकर्ता का कहना है कि अब वह इस मामले को लेकर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मिलने जा रहे हैं।

वहीं, मौजूदा का कहना है,जिलाधिकारी का पत्र मिल गया है। संबद्धीकरण मेरे कार्यभार संभालने से पहले का है। मामले की जांच कराई जा रही है।

और पढ़ें