
अलीगढ़। जिले के थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव सिंहपुर हिम्मतपुर निवासी दृष्टिहीन युवक तेजप्रकाश ने एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने बताया कि जब वह अपने बकाया पैसे मांगने के लिए अनिल उर्फ लीलू के पास गया, तो उसके साथ कथित रूप से मारपीट की गई।
तेजप्रकाश के अनुसार, उसने अनिल से शांतिपूर्वक अपने पैसे वापस मांगे थे, लेकिन आरोप है कि इस पर अनिल उर्फ लीलू ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी और अपमानजनक शब्द कहे। पीड़ित का कहना है कि उसे यह भी कहकर डराने की कोशिश की गई कि, तेरे पे जो होता हो वो कर लेना, मैं पैसे नहीं दूंगा।
पहले से ही दृष्टिहीन है पीड़ित युवक
तेजप्रकाश ने बताया कि वह पहले से ही आंखों से अंधा है और मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है। इस तरह की घटना से वह काफी भयभीत और आहत है। उसका कहना है कि यदि उसके साथ न्याय नहीं हुआ तो उसका जीवन और भी कठिन हो जाएगा।
एसएसपी से की लिखित शिकायत
पीड़ित युवक ने पूरे मामले की लिखित शिकायत एसएसपी अलीगढ़ को दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उसने प्रशासन से निवेदन किया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उसे न्याय दिलाया जाए।
पुलिस कर रही है जांच की बात
इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि शिकायत को संज्ञान में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










