bulandshahar news : अलीगढ़–अनूपशहर रोड पर ट्रक खाई में पलटा, ड्राइवर को आई नींद की झपकी, बाल-बाल बचा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

थाना छतारी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बड़ी अनहोनी टली, कुंवर सिंह की संवेदनशील पहल की सराहना

बुलंदशहर जिले के थाना छतारी क्षेत्र अंतर्गत अलीगढ़ से अनूपशहर जाने वाले मुख्य मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा पलटा। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे उसका वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और यह हादसा हो गया।

दुर्घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना छतारी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई है।

घटनास्थल पर क़स्बा प्रभारी कुंवर सिंह भी मौजूद रहे और उन्होंने मानवीय संवेदना दिखाते हुए ट्रक चालक के लिए खाने-पीने की व्यवस्था भी कराई। उनकी इस सराहनीय पहल की इलाके में काफी प्रशंसा हो रही है।

पुलिस ने तत्काल क्रेन मंगवाकर ट्रक को खाई से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी, ताकि मार्ग पर यातायात व्यवस्था जल्द बहाल हो सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो यह हादसा एक बड़ी त्रासदी में बदल सकता था, लेकिन त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान होने से बच गया।

और पढ़ें