Bulandshahr News: बिजली विभाग से परेशान अधेड़ ने लखनऊ में खाया जहर, मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बुलंदशहर जिले के ततारपुर गांव निवासी अजय शर्मा (50) ने लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के पास जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। अजय पिछले 6 साल से पत्नी और बच्चों से अलग रह रहे थे। अजय शर्मा ने 2014 में गांव में आटा चक्की लगाई थी। चक्की पर लगा बिजली ट्रांसफार्मर दो बार फुंक गया। इसके बाद बिजली विभाग ने उन पर बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज करा दिया था। यह मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन था। इसी को लेकर अजय काफी तनाव में रहते थे। शनिवार की सुबह गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया है। वहीं परिवार ने मुकदमा और बिजली चोरी को लेकर लगाया जुर्माना खत्म करने की मांग की है।

घर से निकले तोड़ा मोबाइल, जहर पहले ही खरीद लिया था
पत्नी अनीता ने बताया कि सोमवार को अजय बिना बताए घर से निकल गए थे। जाने से पहले उन्होंने अपना मोबाइल फोन तोड़ दिया था। करीब एक हफ्ते पहले उन्होंने जहर खरीदा था। गांव में एक विवाद के दौरान पुलिस के सामने भी उन्होंने जहर दिखाते हुए इसे खाने की धमकी दी थी, लेकिन पुलिस ने दो घंटे तक समझाकर मामला शांत कराया था। परिजनों का कहना है कि अजय नशे के आदी नहीं थे, लेकिन छोटी-छोटी बातों पर आक्रोशित हो जाते थे।

सूचना मिलने पर गांव में पहुंचे अधिकारी
शुक्रवार दोपहर लखनऊ प्रशासन ने बुलंदशहर पुलिस को अजय के जहर खाने की सूचना दी। इसके बाद सुबह से ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ततारपुर स्थित उनके घर डटे रहे। तहसीलदार सदर मनोज कुमार रावत, नायब तहसीलदार राजीव कुमार और नगर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र राठौर ने पीड़ित परिवार और पड़ोसियों से बातचीत की। वहीं अजय के बेटे मोहित और पुष्कर को पुलिस अपने साथ लखनऊ ले गई।

बिजली चोरी का 2014 में दर्ज हुआ था मुकदमा
पावर कॉरपोरेशन के चीफ इंजीनियर संजीव कुमार ने बताया कि अजय शर्मा के नाम एलएमबी-6 में 7.5 एचपी चक्की का कनेक्शन था। जिसे 16 मई 2014 को पीडी करा दिया था। दो अगस्त 2014 को टीम द्वारा चैकिंग करने पर बिना कनेक्शन के बिजली चोरी कर चक्की चलाते पाए गए। जिसके बाद शहर कोतवाली में बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया। इसको लेकर 2.16 लाख का राजस्व निर्धारण किया गया था, जो जमा नहीं हुआ है। वर्तमान में वर्तमान में गांव में 100 केवीए के चार ट्रांसफार्मर लगे हैं। डिवीजन में धर्मेश कुमार उर्फ अजय से संबंधित ट्रांसफार्मर का कोई मामला नहीं है। बिजली चोरी के मामला कोर्ट में विचाराधीन है।

और पढ़ें